महेश नवमी महोत्सव में गूंजा शिवभक्ति का जयघोष, प्रतिभाओं और वयोवृद्धों का हुआ सम्मान

बेंगलुरु, 21 जून। माहेश्वरी समाज के आराध्य भगवान महेश (भगवान शिव) के 5159वें वंशोत्पत्ति दिवस के उपलक्ष्य में माहेश्वरी सभा, बेंगलुरु द्वारा ओखलीपुरम स्थित माहेश्वरी भवन में महेश नवमी महोत्सव-2026 श्रद्धा, उत्साह एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच भव्य रूप से मनाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महेश की पूजा-अर्चना, दीप प्रज्वलन एवं जयघोष के साथ हुआ। इस अवसर पर सभा अध्यक्ष भगवानदास लाहोटी, माहेश्वरी महिला संगठन की उपाध्यक्ष निर्मला कांकाणी, युवा संघ अध्यक्ष विवेक भूतड़ा, सेवा ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी भगवान बलदवा, फाउंडेशन के चेयरमैन प्रहलाद आगीवाल, सौहार्द कोऑपरेटिव सोसाइटी के अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण डागा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

प्रारंभ में वेस्ट जोन के सदस्यों ने भावपूर्ण महेश वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। स्वागत उद्बोधन में अध्यक्ष भगवानदास लाहोटी ने महेश नवमी को समाज की पहचान बताते हुए एकता, सहयोग और सहभागिता को समाज की सबसे बड़ी शक्ति बताया। उन्होंने महिलाओं से संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा युवाओं से आधुनिक तकनीक के माध्यम से संगठन को सशक्त बनाने का आह्वान किया।

महोत्सव के अंतर्गत चित्रकला एवं फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विभिन्न जोनों के कलाकारों ने समुद्र मंथन, भगवान शिव के विषपान तथा अर्धनारीश्वर स्वरूप पर आधारित आकर्षक नृत्य-नाटिकाएं प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

समारोह में समाज के वरिष्ठजनों विजय कुमार परवाल-सुमित्रा देवी परवाल, हनुमान प्रसाद मुंदड़ा-शांतिदेवी मुंदड़ा, बृजमोहन कासट एवं कौशल्या देवी जाजू का शॉल, श्रीफल एवं पुष्पमाला से सम्मान किया गया।

विशिष्ट उपलब्धि सम्मान के अंतर्गत कम आयु में तीन पुस्तकों का लेखन एवं प्रकाशन करने वाली कु. दीवीशा पचीसिया, अपनी विशेष प्रतिभा के लिए अयाश लोहिया तथा जेईई मेन्स में अखिल भारतीय रैंक 211 एवं जेईई एडवांस में 167वीं रैंक प्राप्त करने वाले प्रनील सिंघी को सम्मानित किया गया।


शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सरस्वती पुरस्कार के तहत एचीवर एवं सुपर एचीवर अवार्ड प्रदान किए गए। कक्षा 10वीं में 99.20 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले स्वास्तिक राठी, कक्षा 12वीं विज्ञान वर्ग में 99.40 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले वेदांत डागा तथा वाणिज्य वर्ग में 99 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले आयुष दूत को प्रथम पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

महेश नवमी महोत्सव के अवसर पर अपोलो हॉस्पिटल के सहयोग से रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 33 यूनिट रक्तदान किया। आयोजकों ने रक्तदान को मानव सेवा का सर्वोत्तम माध्यम बताया।

कार्यक्रम के अंत में सहसचिव रविकांत राठी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन सुनील सारड़ा ने किया।

शिवभक्ति, सामाजिक एकता, सांस्कृतिक गौरव और सेवा भावना से ओतप्रोत यह महेश नवमी महोत्सव समाज के लिए प्रेरणादायी एवं अविस्मरणीय आयोजन सिद्ध हुआ।


( Connecting with social media platform )
App | Old Edition   | Facebook   | Youtube   | Instagram
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

Latest News


विज्ञापन