माहेश्वरी सभा (शहर), बीकानेर की कार्यकारी मण्डल बैठक सम्पन्न

माहेश्वरी सभा (शहर इकाई), बीकानेर के सफल तीन वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्थानीय पूगल रोड स्थित माखन भोग में कार्यकारी मण्डल की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समाजसेवी एवं उद्योगपति श्री शशि मोहन मूंदड़ा ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महेश के चित्र पर पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इस अवसर पर अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा कार्यसमिति सदस्य श्री महेश दमानी, प्रादेशिक माहेश्वरी युवा संगठन के अध्यक्ष श्री कमल राठी, माहेश्वरी सभा (शहर) अध्यक्ष श्री अनिल सोनी (झूमर सा), मंत्री श्री पंकज भूतड़ा, समाजसेवी श्री द्वारका प्रसाद राठी, श्री आज्ञाराम पेड़ीवाल एवं श्री सुनील सारड़ा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। दीप प्रज्ज्वलन के पश्चात सामूहिक महेश वंदना का आयोजन किया गया।

सभा अध्यक्ष श्री अनिल सोनी (झूमर सा) ने सभी समाजबंधुओं एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए संगठन की गतिविधियों का संक्षिप्त परिचय दिया। इसके पश्चात मंत्री श्री पंकज भूतड़ा ने अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी के तीन वर्षीय कार्यकाल की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए समाजहित में किए गए कार्यों का लेखा-जोखा सदन के समक्ष रखा।

उन्होंने बताया कि विभिन्न ट्रस्टों एवं संस्थाओं के सहयोग से समाज के आर्थिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक उत्थान हेतु उल्लेखनीय कार्य किए गए। ए.बी.एम.एम. व्यापार ट्रस्ट के माध्यम से 58 महिला एवं घरेलू उद्यमियों को लगभग 1.47 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की गई। वहीं शिक्षा क्षेत्र में बद्रीलाल सोनी ट्रस्ट एवं महेश जनसेवा ट्रस्ट के माध्यम से 127 छात्र-छात्राओं को 12.51 लाख रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई।

चिकित्सा सहायता के अंतर्गत बांगड़ सोसायटी, भीलवाड़ा द्वारा 12 जरूरतमंद मरीजों के उपचार हेतु 6.20 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई। पेंशन योजना के तहत जाजू ट्रस्ट एवं माहेश्वरी मंडल, दिल्ली के सहयोग से 29 वरिष्ठजनों को 28.20 लाख रुपये की सहायता प्राप्त हुई। इसके अतिरिक्त 84 नि:शुल्क मेडिकल बीमा पॉलिसियां जारी की गईं तथा तृतीय कन्या सहायता योजना के अंतर्गत 8 परिवारों को 4 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्षता कर रहे श्री शशि मोहन मूंदड़ा ने माहेश्वरी सभा (शहर) द्वारा आयोजित महेश ट्रेड फेयर 2.0 की अभूतपूर्व सफलता की सराहना करते हुए श्री अनिल सोनी एवं उनकी टीम को बधाई दी तथा भविष्य में भी समाजहित के ऐसे ही कार्य निरंतर जारी रखने का आह्वान किया।

अपने उद्बोधन में अध्यक्ष श्री अनिल सोनी (झूमर सा) ने कार्यकाल के दौरान आयोजित विभिन्न चिकित्सा शिविरों, महेश नवमी पर रक्तदान शिविर, मिशन-100 आईएएस अभियान तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों को आर्थिक एवं सामाजिक सहयोग जैसी गतिविधियों का उल्लेख किया। उन्होंने पूरे कार्यकाल में समाज एवं विभिन्न संस्थाओं से प्राप्त सहयोग, स्नेह और विश्वास के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

प्रादेशिक माहेश्वरी युवा संगठन के अध्यक्ष श्री कमल राठी ने भी अपने संबोधन में श्री अनिल सोनी के नेतृत्व में हुए उल्लेखनीय कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी। वहीं अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा कार्यसमिति सदस्य श्री महेश दमानी ने महेश ट्रेड फेयर 2.0 का संक्षिप्त आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में सी.ए. श्री विनोद दमानी ने आगामी 23 जून 2026 को आयोजित होने वाले माहेश्वरी समाज के स्थापना दिवस एवं महेश नवमी महोत्सव के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए समाजबंधुओं से अधिकाधिक संख्या में सहभागिता का आह्वान किया।

बैठक के अंत में पद्मभूषण से सम्मानित स्वर्गीय श्री बंशीलाल राठी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित सभी समाजबंधुओं ने दो मिनट का मौन रखकर उनके प्रति श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा भगवान महेश से उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की।

कार्यक्रम का सफल संचालन श्री पवन कुमार राठी एवं सुश्री रुचिका बागड़ी ने किया। बैठक के पश्चात सभी उपस्थित समाजबंधुओं ने सामूहिक रूप से प्रसाद ग्रहण किया।

( Connecting with social media platform )
App | Old Edition   | Facebook   | Youtube   | Instagram
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

Latest News


विज्ञापन