बीकानेर में मां गवरजा का बनोला कार्यक्रम श्रद्धा व उल्लास के साथ आयोजित
पश्चिम क्षेत्र स्थित मुरलीधर व्यास नगर (भूतनाथ मंदिर के पीछे) स्थित डी-486, शांता कुंज बीकानेर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी मां गवरजा के बनोले एवं खोल भरने की परंपरा का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया।
कार्यक्रम की कोऑर्डिनेटर रश्मि देवी राठी ने बताया कि यह आयोजन पिछले 10 वर्षों से निरंतर किया जा रहा है। प्रत्येक वर्ष अलग-अलग थीम के तहत आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में इस बार ब्लू (नीला) ड्रेस कोड रखा गया, जिसके अंतर्गत अधिकांश महिलाएं एवं बालिकाएं नीले परिधान में सुसज्जित होकर शामिल हुईं।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने पारंपरिक गणगौर गीतों के साथ-साथ आधुनिक शैली में प्रस्तुत नए गीतों से माहौल को भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण बना दिया। गीत प्रस्तुति में रश्मि राठी, अरुणा राठी, पूजा राठी, दीपिका राठी, शांति भट्टड़, विमला देवी राठी, शशि चांडक, शकुंतला दमानी, उमा दमानी, शालिनी जोशी एवं डॉ. भारती राठी ने सहभागिता निभाई।
वहीं मुरलीधर व्यास नगर गणगौर सखी ग्रुप की बालिकाओं—महक राठी (मीनू), लक्षिता (रानी) राठी, ममता बिश्नोई, तानिया अग्रवाल, शिवानी-शालिनी रंगा, कविता, दीप्ति, नंदिनी एवं स्नेहा—ने डीजे की धुन पर पंजाबी एवं हिंदी गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को और जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम के सहायक कोऑर्डिनेटर मनोज कुमार राठी ने बताया कि अंत में मां गवरजा (मां पार्वती), ईशर (भगवान शिव) एवं भाइयों को विभिन्न व्यंजनों का प्रसाद अर्पित किया गया तथा पारंपरिक खोल भरने की रस्म संपन्न की गई। साथ ही ईशर एवं भाइयों का विशेष रूप से अभिनंदन एवं स्वागत किया गया।
कार्यक्रम स्थल को थीम के अनुरूप नीले गुब्बारों, फूलों एवं सजावटी सामग्री से सजाया गया, जिसमें महक राठी, लक्षिता राठी, ममता बिश्नोई, रश्मि देवी राठी एवं मनोज राठी का विशेष सहयोग रहा।
Latest News