श्री माहेश्वरी सभा, चेन्नई में 77वें गणतंत्र दिवस का गरिमामय आयोजन
श्री माहेश्वरी सभा, चेन्नई द्वारा मिंट स्ट्रीट स्थित माहेश्वरी भवन के प्रांगण में भारत का 77वां गणतंत्र दिवस अत्यंत उत्साह, देशभक्ति और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सभा की कार्यकारिणी, विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई। तिरंगा फहराते ही संपूर्ण परिसर वंदे मातरम एवं जय हिंद के गगनभेदी नारों से गूंज उठा और वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया। इसके पश्चात वक्ताओं ने गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक महत्व, भारतीय संविधान की गरिमा तथा नागरिक कर्तव्यों पर अपने विचार व्यक्त किए।
सभा के अध्यक्ष श्री गौरी शंकर राठी ने स्वागत भाषण में कहा, 77वें गणतंत्र दिवस के इस पावन अवसर पर हम संविधान के प्रति अपनी आस्था पुन: व्यक्त करते हैं और यह संकल्प लेते हैं कि श्री माहेश्वरी सभा सदैव समाज, राष्ट्र और मानवता की सेवा में अग्रणी भूमिका निभाती रहेगी। 26 जनवरी 1950 का दिन भारतीय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। इसी दिन भारत ने अपना संविधान अपनाकर स्वयं को एक संप्रभु, लोकतांत्रिक गणराज्य घोषित किया। यह उपलब्धि हमें हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान के कारण प्राप्त हुई है।
तमिलनाडु, केरल एवं पांडिचेरी प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष श्री प्रमोद मालपानी ने कहा, आज हम जो स्वतंत्रता और अधिकारों के साथ जीवन जी रहे हैं, वह हमारे वीर शहीदों की अमूल्य देन है। गणतंत्र दिवस हमें यह स्मरण कराता है कि स्वतंत्रता के साथ-साथ कर्तव्यों का निर्वहन भी उतना ही आवश्यक है।
मद्रास माहेश्वरी चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी श्री महेंद्र मोहता ने कहा, गणतंत्र का वास्तविक स्वरूप तभी साकार होगा जब हम ईमानदारी, अनुशासन और भाईचारे के साथ राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, ट्रैफिक नियमों का पालन और सामाजिक सद्भाव—ये सभी हमारे राष्ट्रीय दायित्व हैं।
रजत वर्ष के पूर्व अध्यक्ष श्री मोहनलाल बजाज ने कहा, हमारे संविधान ने हमें अधिकारों के साथ-साथ एक सशक्त पहचान दी है। यह हम सभी का दायित्व है कि हम इसकी मर्यादा बनाए रखें और भावी पीढ़ी को एक सुदृढ़ एवं समृद्ध भारत सौंपें।
इस अवसर पर सभा के उपाध्यक्ष श्री कमल किशोर गोयदानी एवं हरिकिशन मूंधड़ा, सहसचिव श्री जगदीश गोदानी, कोषाध्यक्ष श्री अनुराग माहेश्वरी, श्री माहेश्वरी फूड बैंक चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन श्री जयप्रकाश मालपानी, श्री माहेश्वरी क्लब के सचिव श्री मुरली लखोटिया, श्री माहेश्वरी युवा मंडल के अध्यक्ष श्री सुदर्शन मंत्री, श्री माहेश्वरी सत्संग समिति के उपाध्यक्ष श्री अनिल घुरका, श्री कुशल माहेश्वरी, श्री किशन झंवर, श्री सुरेश कोठारी, श्री श्याम सुंदर भूतड़ा, श्री सत्यनारायण भूतड़ा, श्री विनोद द्वारकानी, श्री मदन राठी, सेलम से श्री मनोज चांडक, श्री राम रतन चांडक, श्री अशोक गोयदानी, श्री जुगल किशोर बिसानी, श्री हरिरतन राठी, श्री पवन मोहता, श्री प्रदीप माहेश्वरी, श्री डूंगरदास बिसानी सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम एवं जय हिंद के राष्ट्रभक्ति नारों के साथ हुआ। अंत में सभा के सह-सचिव श्री जगदीश गोदानी ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Latest News