रोटेरियन मनीष तापडिय़ा निर्विरोध चुने गए—रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3053 के डिस्ट्रीक्ट गवर्नर 2028-29

बीकानेर। सेवा, समर्पण और नेतृत्व की उजली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए रोटरी परिवार के गौरव रोटेरियन मनीष तापडिय़ा का रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3053 के लिए वर्ष 2028-29 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर (प्रांतपाल) पद पर निर्विरोध चयन किया गया है। यह चयन केवल एक औपचारिक उपलब्धि नहीं, बल्कि उनके वर्षों के त्याग, निरंतर परिश्रम और समाजहित में किए गए कार्यों की सार्थक पहचान है।

रोटेरियन मनीष तापडिय़ा पूर्व में रोटरी क्लब बीकानेर के अध्यक्ष रह चुके हैं। दो बार डिस्ट्रिक्ट सेके्रटरी जनरल के रूप में उल्लेखनीय योगदान देने के साथ-साथ उन्होंने डिस्ट्रिक्ट 3053 के लगभग हर प्रमुख दायित्व को पूरी दक्षता से निभाया है। नेतृत्व की उनकी सहज शैली और कार्य के प्रति गहन निष्ठा ने उन्हें रोटरी जगत में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। उनके निर्विरोध चयन ने बीकानेर के रोटरी इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है।

इसी उपलक्ष्य में रोटरी भवन, बीकानेर में एक सादगीपूर्ण किंतु गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया, जहाँ नवनिर्वाचित प्रांतपाल तापडिय़ा का पुष्पगुच्छों, शुभकामनाओं और उमंगभरे भावों के साथ भावभीना स्वागत किया गया। बीकानेर के सभी रोटरी क्लबों से बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने अपने हृदय की गहराइयों से बधाई व शुभकामनाएँ व्यक्त कीं।

समारोह का संचालन वरिष्ठ रोटेरियन श्री किशोर सर ने अपने सहज, विनम्र और ओजपूर्ण अंदाज़ में किया। कार्यक्रम में रोटरी के वरिष्ठ हस्ताक्षर श्री शशिमोहन मूंधड़ा, श्रीराम सिंघी, पीडीजी राजेश चूरा, पीडीजी अनिल माहेश्वरी, अध्यक्ष दीनदयाल व्यास, पूर्व अध्यक्ष सुनील सारड़ा, सचिव आलोक प्रताप सिंह, ओमप्रकाश करनानी ने रोटेरियन मनीष तापडिय़ा के सेवाभाव, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व पर अपने प्रेरक विचार साझा किए। सभी वक्ताओं ने कहा कि मनीष जी का नेतृत्व डिस्ट्रिक्ट 3053 को नए आयाम देगा और सेवा के विस्तार में मील का पत्थर सिद्ध होगा।

इसके साथ ही रोटरी क्लब बीकानेर मिडटाउन के अध्यक्ष रघुवीर झंंवर, मरुधरा क्लब से अमित नवाल, रॉयल्स क्लब से विपिन लड्ढा तथा आद्या क्लब से दीपिका चौधरी सहित कई पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही, जिसने आयोजन को और भी जीवंत बना दिया।

( Connecting with social media platform )
App | Old Edition   | Facebook   | Youtube   | Instagram
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

Latest News


विज्ञापन