रांची में श्री ओम जी बिरला का नागरिक अभिनंदन किया गया एवं उन्हें माहेश्वरी जाति के जाती कोड के लिए ज्ञापन सौंपा
माहेश्वरी समाज रत्न एवं लोकसभा अध्यक्ष माननीय श्री ओम प्रकाश जी बिड़ला रविवार 25 मई को सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्लेटिनम जुबली में भाग लेने के लिए लौह नगरी झारखंड के जमशेदपुर में पधारे। कार्यक्रम के पश्चात शाम 5 बजे श्री बिड़ला जी रांची लौट गए। यहां राजभवन में उनका रात्रि विश्राम का कार्यक्रम था।
रांची में राजस्थान फाउंडेशन की तरफ से सांय 5:30 से रात्रि 7:30 तक श्री बिड़ला जी एवं रांची के स्थानीय सांसद तथा भारत सरकार के रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ का नागरिक अभिनंदन किया गया। राजस्थान फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद श्री अजय मारू के नेतृत्व में रांची की करीबन 60 समाजसेवी संस्थाओं ने इनका अभिनंदन किया।
सिंहभूम में माहेश्वरी मंडल जमशेदपुर के प्रतिनिधियों ने एवं रांची में श्री माहेश्वरी सभा की तीनों इकाइयों के प्रतिनिधियों ने इनका अभिनंदन किया।
दूसरे दिन 26 मई को प्रात: 8 बजे श्री संजय सेठ के आवास पर झारखंड के राज्यपाल श्री संतोष गंगवार एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तथा उड़ीसा के पूर्व राज्यपाल श्री रघुवर दास की उपस्थिति में झारखंड बिहार प्रदेश माहेश्वरी सभा के एक प्रतिनिधि मंडल ने श्री ओम जी बिड़ला से भेंट की तथा उन्हें एक ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधि मंडल ने उन्हें बताया कि पूरे भारतवर्ष में भारत सरकार की तरफ से माहेश्वरी जाति को कोई जाति कोड आवंटित नहीं किया गया है। अत: जनगणना के समय इसे अन्य जातियों में समाहित कर दिया जाता है। अब चुंकि भारत सरकार जनगणना का कार्य प्रारंभ करने जा रही है तो इस दिशा में अविलंब प्रयास कर माहेश्वरी जाति को जाति कोड आवंटित करवाने के लिए प्रयास करना अत्यंत आवश्यक है।
प्रदेश के प्रतिनिधि मंडल में प्रदेश अध्यक्ष श्री राजकुमार मारू, पूर्व राज्यसभा सांसद श्री अजय मारू, श्री माहेश्वरी सभा रांची के अध्यक्ष श्री किशन साबू, माहेश्वरी सभा रांची के सचिव श्री नरेंद्र लखोटिया, कोषाध्यक्ष श्री मनमोहन मोहता, सह सचिव श्री बसंत लखोटिया, सभा के पूर्व अध्यक्ष श्री शिव शंकर साबू, सभा के पूर्व सचिव श्री मुकेश काबरा, प्रदेश के पूर्व सचिव एवं वर्तमान में मीडिया प्रभारी एवं प्रदेश ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री अशोक साबू एवं सभा के कार्यकारी मंडल सदस्य श्री राम बांगड़ उपस्थित थे।
Latest News