मध्य राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा (संस्था) के 30 वें सत्र के कार्यकारी मण्डल सदस्यों की द्वितीय बैठक आयोजित

शुद्ध सात्विक प्रेम अपने कार्य का आधार है ॥
शुद्ध सात्विक प्रेम अपने कार्य का आधार है ॥
प्रेम जो केवल समर्पण भाव को ही जानता है
और उसमें ही स्वयम् की धन्यता बस मानता है
दिव्य ऐसे प्रेम में ईश्वर स्वयं साकार है ॥
ऐसे शुद्ध सात्विक, शान्त, सौम्य और ह्रदय स्पर्शी गीत के साथ मालपुरा की पावन धरा पर मध्य राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा (संस्था) के 30 वें सत्र के कार्यकारी मण्डल सदस्यों की द्वितीय बैठक के साथ ही अपनी दोनों भुजाओं  - प्रदेश महिला संगठन और प्रदेश युवा संगठन के संयुक्त अधिवेशन का आगाज़ हुआ। बैठक का प्रारम्भ ही जब इतने शुद्ध और पवित्र भाव से हुआ हो तो वैचारिक मंथन भी उतना ही सौम्य होना स्वाभाविक है।
रविवार दिनांक 24 सितम्बर को भगवान उमा महेश के समक्ष दीप ज्योति नमोस्तुते के आव्हान के साथ महेश वन्दना की पावन स्तुति के मध्य मंचासीन अतिथिगण, अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के युवा अर्थमंत्री श्री राजकुमार काल्या, संयुक्त मंत्री पश्चिमांचल श्री रमाकान्त बाल्दी, कार्यसमिति सदस्यद्वय श्री रमेश चन्द छापरवाल और श्री विजय शंकर मून्दडा़, प्रदेशाध्यक्ष श्री गोपी किशन बंग, प्रदेश मंत्री श्री एस.डी. बाहेती, प्रदेश महिला संगठन मंत्राणी श्रीमती मनीषा बांग्ला, प्रदेश युवा संगठन अध्यक्ष श्री मधुर गिलड़ा, टॉक जिला माहेश्वरी सभा अध्यक्ष श्री सत्य नारायण मालू, मालपुरा क्षेत्रीय माहेश्वरी सभा अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश जैथल्या की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित कर मध्य राजस्थान के तीनों अंगों के कार्यकारी मण्डल सदस्य भव्य के संयुक्त अधिवेशन का भव्य शुभारम्भ किया गया। प्रारम्भ में प्रदेशाध्यक्ष श्री गोपी किशन बंग के स्वागत भाषण उपरान्त पश्चात प्रदेश मंत्री श्री एस.डी. बाहेती बिन्दुवार अपनी कार्य योजना सदन के समक्ष रखते हुए सभी से सहयोग की अपेक्षा का आव्हान किया।
संयुक्त अधिवेशन को सम्बोधित करते हुए प्रदेश महिला मंत्री श्रीमती मनीषा बांग्ला ने प्री वैडिंग शूट, आडम्बर पूर्ण महंगे सामाजिक कार्यक्रमों और विवाह समारोह में हो रहे भारी भरकम व्यय पर चिन्ता व्यक्त करने के साथ अपने उद्बोधन में इस बात को भी प्रमुखता से उठाया कि युवाओं के विवाह सम्बंधों में हो रही देरी चिन्ता का विषय तो है ही साथ ही विवाह पूर्व विवाहोपरान्त हो रहे सम्बन्ध विच्छेद भी अच्छे संकेत नहीं है।
युवा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष श्री मधुर गिलड़ा ने समाज के युवाओं से आव्हान किया कि सकारात्मक सोच और उर्जा के साथ समाज की मुख्य धारा से जुड़ाव रखते हुए अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। खेल स्पर्धाओं तथा सामाजिक सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेकर अपनी शारीरिक और बौद्धिक क्षमताओं को बढ़ाएंगे।
राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य श्री विजय शंकर मूंदड़ा ने प्री वैडिंग शूट पर प्रस्तावित रोक के निर्णय के पोस्टर-बैनर समाज भवनों में लगाए जाने वाले प्रस्ताव पर यह कहते हुए संशय व्यक्त किया कि सामाजिक भवनों में विवाह समारोह आयोजन के बजाय आजकल डेस्टिनेशन वैडिंग का चलन बढ़ रहा है जहां हम कुछ नहीं कर सकते। सदन के समक्ष यह बात भी रखी कि इस प्रस्ताव पर चर्चा वो लोग कर रहे है जिनका विवाह हो चुका है जब कि चर्चा उनके साथ करनी चाहिए जिनका विवाह अभी होना है। श्री विजय शंकर ने इस बात को भी प्रमुखता से उठाया कि महासभा की योजनाओं जैसे मिशन आई.ए.एस. 100, युवा उद्यमियों हेतु सम्मेलन एवं जूम मीटिंग्स के माध्यम से विशेषज्ञों के टॉक शो आयोजित करने पर भी जोर देते हुए कहा कि समय की प्रासंगिकता को ध्यान में रखकर ऐसे आयोजन आवश्यक है। नव दम्पति सम्मेलन आयोजित कर उनके मध्य घटती सामाजिक जन संख्या जैसे ज्वलंत मुद्दों पर गहनता से विचार मंथन किया जाना आवश्यक है।
राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य श्री रमेशचंद्र छापरवाल ने वैवाहिक अवसरों पर मेहंदी और संगीत आदि कार्यक्रमों में गैर समाज और विधर्मी युवकों की बढ़ती भागीदारी पर चिंता व्यक्त करते हुए उपस्थित जनमानस को लगभग झंकझोरते हुए यहां तक कहा कि साड़ी पहनाने के लिए भी पुरुष रहते हैं जो हमारे लिए शर्म की बात है। श्रीमद् भागवत गीता के उद्धरणों के साथ उन्होंने अनेक सामाजिक पहलुओं को छूते हुए समाज में व्याप्त हो रही कुरीतियों पर ओजस्वी वाणी से कटाक्ष करते हुए आगाह किया।
टाईम मैनेजमैंट जैसे महत्वपूर्ण और प्रासंगिक विषय पर श्री रमाकान्त बाल्दी द्वारा संकलित पुस्तक का विमोचन मंच पर उपस्थित गणमान्य महानुभावों द्वारा किया गया। पुस्तक विमोचन के पश्चात महासभा में पश्चिमांचल संयुक्त मंत्री श्री रमाकान्त बाल्दी ने मंच से उठाईं गई सामाजिक समस्याओं और आधुनिक युग की कुरीतियों पर महासभा की सोच और योजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी और मिशन आई.ए.एस. 100 पर समाज के पहले आई.ए.एस. श्री श्रीकान्त बाल्दी और प्रोफेसर किशन प्रसाद दरक द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए आगामी मई 2024 में होने वाली परीक्षा में समाज के अधिकाधिक युवाओं को प्रोत्साहित करने का आव्हान किया।
महासभा के युवा अर्थमंत्री श्री राजकुमार काल्या ने अनेक सामाजिक समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक है कि समय पर विवाह हो, युवतियों का 21 वर्ष की आयु में और युवाओं का 23 वर्ष की आयु में विवाह हो जाना आवश्यक है। समाज में व्याप्त समस्याओं यथा सगाई पश्चात संबंधों का छूटना, विवाह उपरांत तलाक की समस्या तथा समाज की घटती जनसंख्या जैसी अनेक समस्याओं का एकमात्र निराकरण समाज के युवक और युवतियों का समय पर विवाह होना बताया और युवतियों का 21 वर्ष की आयु में और युवाओं का 23 वर्ष की आयु में विवाह हो जाए, इस बात पर जोर दिया। श्री काल्या ने अपने उद्बोधन में कहा कि जरूरतमंद परिवारों को विजन 2030 तक आर्थिक दृष्टि से समृद्धशाली बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाना है। कोरोना से मालपुरा के एक परिवार के पिता की मृत्यु के बाद उनके छोटे-छोटे तीन बच्चों के लिए मकान के लिए सदन में उपस्थित सभी बंधुओ से आर्थिक सहयोग हेतु आग्रह किया।
अजमेर जिला माहेश्वरी सभा के द्वारा एक संवेदनशील कदम लिया गया, सभा मे यह घोषणा हुई की मालपुरा मे कोरोना काल मे एक परिवार के दम्पति की मृत्यु हो गयी व उनके तीन बच्चो से आसरा छिन गया जिनके पुन: सामान्य जीवन के लिए मंच से सहायता की घोषणा हुई, इस पर पहल करते हुए अजमेर जिला सभा के जिलाध्यक्ष श्री संदीप मून्दडा़ व जिला मंत्री अशोक जैथलिया ने संयुक्त रूप से तात्कालिक जिला सभा द्वारा पीडि़त परिवार के पुनर्वास के लिए, एक लाख की राशि का आवंटन की घोषणा की, हम हृदय के अंतकरण से अजमेर जिला सभा को धन्यवाद व आभार प्रकट करते हम सकारात्मक बदलाव के परिचायक इस संयुक्त अधिवेशन में 2030 के समाज की मजबूत नींव दिखाई दी। निश्चय ही माहेश्वरी समाज एक पहल  के साथ समाजोत्थान की एक नई दिशा की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। महासभा के युवा नेतृत्व ने बदलाव के लिए अपने श्रृंखलाबद्ध संगठनों में नया जोश और नई उर्जा का संचार करते हुए सभापति श्री संदीप काबरा ने अपने वर्चुअल संदेश में स्वास्थ्य अनुकूल नहीं होने के कारण अपनी अनुपस्थिति के लिए दुखी मन से अपने उद्बोधन में मध्य राजस्थान की पूरी टीम की प्रशंसा करते हुए महासभा की योजनाओं को समाज के प्रत्येक जरूरतमंद तक उनका लाभ पहुंचाने का आव्हान किया।
गौरवमयी परंपरा से परिपूर्ण राजा मालदेव की नगरी मालपुरा के स्थानीय माहेश्वरी समाज के सभी गणमान्य जन जिनके द्वारा आयोजित मध्य राजस्थान प्रादेशिक सभा की साधारण सभा की मेहमान नवाजी का सम्पूर्ण भार सहज भाव से लिया था सम्मानपूर्वक सभी आगंतुको का स्वागत व अभिनन्दन किया गया व सभी के लिए महाप्रसाद बहुत ही आत्मिक भाव से खिलाया गया। मालपुरा माहेश्वरी समाज व टोंक जिला माहेश्वरी सभा के सभी गणमान्य सदस्यो का इस आयोजन के लिये आभार प्रकट किया गया।

( Connecting with social media platform )
App | Old Edition   | Facebook   | Youtube   | Instagram
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

Latest News


विज्ञापन